बिहार में औरंगाबाद जिले के देव थाना क्षेत्र के दक्षिणी इलाका सात नदिया नदी के समीप गुरुवार की दोपहर पुलिस और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में करीब 500 राउंड फायरिंग हुई।
पुलिस ने चार नक्सलियों को मार गिराया।
एक AK-47, दो इन्सास राइफल समेत सात हथियार बरामद किये गये हैं। इसके अलावा पुलिस ने नक्सली साहित्य भी मौके से बरामद किया है।
एएसपी अभियान राजेश कुमार सिंह के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए नक्सली जंगल में आये हुए हैं। सूचना के आधार पर सीआरपीएफ, कोबरा, एसटीएफ, व जिला पुलिस ने नक्सलियों के विरुद्ध अभियान चलाया।
पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से काफी देर तक गोलीबारी हुई। इसमें पुलिस जवानों ने चार नक्सलियों को मौत के घाट उतार दिया।
एएसपी अभियान ने बताया कि मुठभेड़ समाप्त होने के बाद खोज अभियान चलाया जा रहा है। मारे गये नक्सलियों की पहचान भी की जा रही है।