
जमुई के बरहट प्रखंड के लखैय गांव में घरेलू गैस सिलेंडर लीक होने से भड़की आग में महिला और बेटे समेत तीन लोग झुलस गए। घटना छह बजे शाम की बताई जा रही है।
घायलों को परिजन सदर अस्पताल लेकर आए जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। आग में गंभीर रूप से झुलसी पछौला देवी के पति मनोज गोस्वामी ने बताया कि सरकारी अस्पताल से डॉक्टर ने पटना रेफर कर दिया था लेकिन शहर के ही एक निजी अस्पताल में झुलसी पत्नी, पुत्र और भतीजे का इलाज करवा रहा हूं। उन्होंने बताया की पटना जाने में उन्हें परेशानी नजर आ रही थी।
उन्होंने बताया कि गैस लीक होने के कारण उनकी पत्नी पछोला देवी 35 वर्ष, पुत्र नीतीश कुमार 6 वर्ष, भतीजा मिथिलेश कुमार 26 वर्ष आग की चपेट में आ गये और झुलस गये हैं। उन्होंने बताया कि एजेंसी से नया गैस सिलेंडर लेकर आया था। चूल्हे में जोड़ा गया सिलेंडर लीक कर रहा था घर में लाइट जल रही थी और लाइट से ही आग पकड़ा है। मनोज ने बताया कि वे आसनसोल में फेरी का काम करते हैं। उन्हें हादसे का पता चला तो सवेरे आए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पछोला देवी के 2 पुत्र सिंटू 12 वर्ष और नितीश 6 वर्ष का है।
ग्रामीणों के अनुसार घटना शाम छह बजे हुई है। उज्जवला योजना के तहत डेढ़ साल पहले सरकार के द्वारा गैस दिया गया था। इधर निजी अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि एक पेसेंट की स्थिति काफी नाजुक है। पचोला देवी लगभग 80% जल चुकी है। इलाज किया जा रहा है। वहीं नीतीश कुमार 30 और मिथलेश कुमार 35 परसेंट जला हुआ है। इनका इलाज चल रहा है। नीतीश कुमार और मिथलेश कुमार खतरे से बाहर हैं जबकि पछौला देवी की स्थिति अच्छी नहीं है। लगैय गांव के ग्रामीण और रिश्तेदारों काफी संख्या में अस्पताल देखने के लिए आए हुए हैं।