बिहार के पश्चिमी चंपारण में बेतिया नगर के एक मोहल्ले की एक लड़की से शुक्रवार की रात चलती गाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म की घटना घटी है। लड़की को शनिवार की देर शाम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर नगर थानाध्यक्ष शशिभूषण ठाकुर, महिला थानाध्यक्ष पूनम कुमारी अस्पताल में पहुंचे। पीड़िता से घटना की जानकारी लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। लड़की ने चार युवकों पर गैंगरेप करने का आरोप लगाया है।
लड़की ने पुलिस को शुक्रवार की रात वह अपने पड़ोस में किसी परिचित के घर सोने जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान चारपहिया वाहन में सवार चार युवकों ने उसको गाड़ी में खींच लिया। सभी युवक अपना चेहरा नकाब से ढके थे। युवकों ने चलती गाड़ी में ही उसके साथ रेप किया। इस दौरान युवक गाड़ी को इधर-उधर घुमाते रहे। फिर युवकों ने लड़की को लाकर उसके मोहल्ले में छोड़ दिया। लड़की के अनुसार रेप करने के दौरान उसने कुछ युवकों का नकाब खींच लिया और उन्हें पहचान लिया। लड़की ने जिन चार लोगों पर रेप का आरोप लगाया है, जिसमें दो सगे भाई बताए जा रहे हैं। उसके बाद शनिवार को लड़की नगर थाने पहुंची। उसे महिला थाने के संरक्षण में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले को संदेहास्पद मान रही है। नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। रविवार को लड़की की मेडिकल जांच करायी जाएगी।
बेतिया के एसपी जयंतकांत के अनुसार, लड़की की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। मेडिकल जांच की रिपोर्ट आने के बाद मामला साफ हो जाएगा। आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।