नीतीश ने कहा- झारखंड में मेरी आवश्यकता नहीं है
पटना मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने झारखंड विधानसभा के चुनाव में प्रचार करने को लेकर तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी वहां (झारखंड) आवश्यकता नहीं है। जलवायु के अनुकूल कृषि कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं ने मुख्यमंत्री से झारखंड चुनाव को लेकर प्रश्न पूछे तो उन्होंने कहा कि हमारे झारखंड जाने की कोई आवश्यकता नहीं है।
जदयू झारखंड में भाजपा के विरुद्ध चुनाव लड़ रहा है। लोकसभा में जदयू के नेता राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने यह कह कर मामला गरमा दिया था कि अगर सरयू राय चाहेंगे तो नीतीश कुमार उनके लिए प्रचार कर सकते हैं। राय जमशेदपुर पूर्वी सीट पर झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास के विरुद्ध चुनाव लड़ रहे हैं। उनके पक्ष में जदयू ने अपने उम्मीदवार को वापस ले लिया है।