
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि डॉ. मिश्र के निधन पर राज्य में तीन दिन का राजकीय शोक रहेगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जायेगा।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक-संदेश में कहा है कि डॉ.जगन्नाथ मिश्र प्रख्यात राजनेता एवं शिक्षाविद् थे। बिहार के साथ-साथ देश की राजनीति में उनका बहुमूल्य योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल बिहार बल्कि पूरे देश की राजनीतिक, सामाजिक एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर-शान्ति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
डॉ. मिश्र के निधन पर राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष ने जताया दुख
राज्यपाल फागू चौहान ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र के निधन पर शोक-संवेदना व्यक्त की है। कहा है कि डॉ. मिश्र एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील राजनेता और अर्थशास्त्र के विद्वान प्राध्यापक थे। उन्होंने तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय मंत्री के रूप में पूरे देश एवं बिहार की सेवा की। उनके निधन से अपूरणीय क्षति हुई है।
विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने भी गहरा दुख प्रकट किया है। कहा कि डॉ. मिश्र का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा डॉ. निर्देशन में शुरू की तथा वह राजनीतिक गुरु थे। उन्हें राजनीति में सूझ-बूझ तथा राज्य के लिए किये गये कार्यों के लिए हमेशा याद किया जाएगा।