नवादा जिले के काशीचक इलाके के धानपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर बिजली गिरने से 8 बच्चों की मृत्यु हो गई। दिल दहलाने देने वाले इस दुर्घटना में 10 बच्चे झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
जानकारी के मुताबिक, धानपुर गांव में दोपहर को करीब 25 बच्चे पेड़ के नीचे खेल रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में बच्चे आ गए। तुरंत ग्रामीण सभी घायल बच्चों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने 8 बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
नवादा में बच्चों की मौत पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया। उन्होंने मृतक के परिजनों को आपदा राहत कोष से तुरंत 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया।
सदर एसडीओ अनु कुमार ने बताया- धानपुर मुशहरी टोला में बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान वर्षा होने लगी। बच्चे बचने के लिए पेड़ के नीच छुप गए। तभी अकस्मात् आकाशीय बिजली गिरी, जिसमें 8 बच्चों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक बच्चों में नीतीश मांझी, रमेश मांझी, छोटू मांझी, गणेश मांझी, छोटी मांझी, मुन्नी लाल मांझी, मोनू और प्रवेश कुमार शामिल हैं ।