अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के पैकपार पंचायत वार्ड-एक में रविवार को पप्पू यादव के नौ साल के पुत्र रौनक कुमार की पड़ोस के कुछ लोगों ने गला मरोड़ कर हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को घर के पीछे बने शौचालय की टैंक में फेंक दिया। देर शाम तक जब रौनक घर नहीं पहुंचा तो उसके परिजनों ने पड़ोस के ही 14 वर्षीय किशोर विवेक से उसके बारे में पूछताछ की। क्योंकि कुछ लोगों ने जानकारी दी थी कि दिन में रौनक विवेक के ही साथ ही खेल रहा था।
इसी आधार पर जब ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की तो वह शव टंकी में शव छिपाए जाने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर ग्रामीणों ने बच्चे का शव शौचालय की टंकी से बाहर निकाला। छानबीन करने पर उसका गला मरोड़ा हुआ पाया गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना भरगामा पुलिस को दी। देर रात पुलिस पैकपार पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए विवेक को हिरासत में ले लिया। सोमवार की सुबह में शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया भेज दिया है। वहीं विवेक से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताया गया कि रविवार को पैकपार पंचायत के वार्ड-एक पोठिया निवासी पप्पू यादव का सात वर्षीय पुत्र रौनक कुमार अपने पड़ोसी राजकुमार पासवान के पुत्र विवेक कुमार के साथ खेल रहा था। खेलने के समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद विवेक ने रौनक को चाकलेट के बहाने बुलाया था। लेकिन मृतक की मां ममला देवी का कहना है उसके बेटे की हत्या विवेक के माता-पिता ने मिलकर की है। पीड़ित मां का कहना है कि छठ पूजा में वह सपरिवार मायके चली गई थी। इस दाैरान उनके घर में रखे मूंग की चोरी हो गई। जब वह लौटी तो घर से मूंग गायब पाया। मूंग के बारे में जब वह पड़ोसी से पूछने गई तो वह झगड़ा करने पर उतारु हो गए। मामले में पीड़ित मां ने प्राथमिकी दर्ज कराया है। जिसमें विवेक कुमार, राजकुमार पासवान, सुनीता देवी, प्रेमलता देवी एवं दादी लालो देवी को नामजद अभियुक्त बनाया है।
नाबालिग विवेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले में मृतक की मां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उमेश कुमार, थानाध्यक्ष, भरगामा