मनपसंद कॉलेज और उसमें नामांकन की सही जानकारी अब छात्रों को समय से मिलेगी। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद और यूनिसेफ के संयुक्त प्रयास से कॅरियर पोर्टल की शुरुआत की गई। शुक्रवार को इसका उद्घाटन बिहार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा ने किया। मौके पर कृष्णनंदन वर्मा ने कहा कि यह पोर्टल सरकारी स्कूल के उन छात्र और छात्राओं के लिए कारगर होगा, जिन्हें समय से जानकारी नहीं मिल पाती है। पोर्टल लांच के साथ ही छह छात्रों ने इसपर रजिस्ट्रेशन करवाया। इसमें शास्त्रीनगर बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय के 12वीं कक्षा के मोहिनीस कुमार,10वीं कक्षा के राजकुमार और ज्ञानदीप वर्मा और बांकीपुर बालिक उच्च माध्यमिक विद्यालय की 10वीं की सानिया परवीन, मुस्कान और 12वीं की अंकिता कुमारी शामिल हैं। इन सभी ने अपना पंजीकरण नंबर से लॉगइन करके कॅरियर की जानकारी ली।
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निदेशक संजय सिंह ने बताया कि इसमें लॉगइन करने के लिए छात्रों को यूनिक आईडी दिये गये हैं। इसके माध्यम से छात्र कॉलेज, कोर्स, नामांकन के लिए योग्यता, प्रवेश परीक्षा, फीस आदि की जानकारी ले पायेंगे। इसमें 14 देश के कॉलेजों की जानकारी दी गयी है। यूनिसेफ के बिहार प्रमुख असदूर रहमान ने बताया कि इससे 40 लाख छात्र और छात्राओं को फायदा होगा। इसमें वोकेशनल के साथ प्रोफेशनल कोर्स की भी जानकारी दी गयी है। यूनिसेफ की शिक्षा विशेषज्ञ प्रमिला मनोहरण ने बताया कि यह पोर्टल 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए होगा। कार्यक्रम का संचालन राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी रवि शंकर ने किया। इस मौके पर राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी अर्चना वर्मा के साथ बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के तमाम अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
हर साल एक हजार 50 प्रतियोगी परीक्षाएं
हर साल एक हजार 50 प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन होता है। 960 प्रकार के राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय छात्रवृत्ति स्कूली छात्र और छात्राओं के लिए है। प्रतियोगी परीक्षा की पूरी जानकारी दी गयी है। किसका कब आवेदन भर पायेंगे। उनकी अंतिम तिथि के साथ फीस और आरक्षण आदि की जानकारी रहेगी। विषयवार कॅरियर के विकल्प की भी पूरी जानकारी रहेगी।
सुविधा
– हिन्दी में भी सर्च कर पाएंगे छात्र पोर्टल को 10 लाख 34 हजार हिन्दी शब्दों को डाला गया
– 960 प्रकार के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति की जानकारी पोर्टल पर दी गई है
– व्यवसायिक के साथ प्रोफेशनल कोर्स की भी जानकारी दी गयी है पोर्टल पर
3 .हिन्दी फ्रेंडली बनाया गया है पोर्टल इस पोर्टल को biharcareerportal.com से खोला जा सकेगा। बिहार बोर्ड द्वारा दिये गये पंजीकरण नंबर से ही यह पोर्टल खोला जा सकेगा। इसके लिए छात्र और छात्राओं को एक यूनिक आईडी और पासवर्ड दिया जाएगा। इस पोर्टल को अंग्रेजी के साथ हिन्दी में भी सर्च किया जा सकता है। इसकी जानकारी पोर्टल डिजाइन किये आयुष बंसल ने दी। उन्होंने बताया कि इसमें हिन्दी के 10 लाख 34 हजार शब्दों का ट्रांसलेशन किया गया है। इससे सरकारी स्कूल के छात्र इसे आसानी से सर्च कर पायेंगे। इसमें कॅरियर, कॉलेज, प्रवेश परीक्षा और छात्रवृत्ति की जानकारी दी जायेगी।