प्रशासन के लाख प्रयास के बावजूद भीड़ का उत्पात कम नहीं हो रहा है। शुक्रवार की दोपहर बच्चा चोरी की अफवाह में गुस्सायी भीड़ ने दो महिलाओं समेत एक युवती की पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गुस्सायी भीड़ के चंगुल से महिलाओं को निकाला। गुस्साए लोग पुलिस को देखते ही आक्रोशित हो गए और विरोध करने लगे। घटना मालसलामी थाना क्षेत्र के शरीफागंज इलाके में घटी।
पुलिस ने हल्का बलप्रयोग कर भीड़ को शांत कराया और महिलाओं को अपने साथ सुरक्षित थाना लेकर पहुंची। आसपास के लोगों ने बताया कि मालसलामी थाना क्षेत्र के कटरा बाजार में किराए के मकान में रहने वाली एक महिला के साथ दूसरी महिला और एक युवती बाजार जा रही थीं, तभी मोहल्ले में रहने वाली एक बच्ची उसके पास आयी और महिलाओं से बात करने लगी। इस बीच लोगों ने उसपर बच्चा चोरी करने का आरोप लगाते हुए शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद भीड़ जुट गयी और महिलाओं व युवती को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। मालसलामी थानाध्यक्ष सुदामा प्रसाद सिंह ने कहा कि भीड़ से महिलाओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है। हमलावरों की पहचान की जा रही है। उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अज्ञात लोगों के खिलाफ हंगामा करने और मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है।