
भोजपुर के संदेश प्रखंड मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान क्रांतिवीर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बीडीओ और सीओ सहित दर्जनभर कर्मियों को बंधक बना लिया। इस दौरान बीडीओ व सीओ के साथ गाली-गलौज की गयी और हत्या का प्रयास किया गया। ऑफिस के कंप्यूटर व सारे कागजात भी क्षतिग्रस्त कर दिये गये। इस कारण करीब साढ़े पांच घंटे तक अफसर व कुछ कर्मचारी भूखे व प्यास से तड़पते रहे।
इस सिलसिले में संदेश के बीडीओ बिंदु कुमार ने क्रांतिवीर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैद्यराज कृष्ण पासवान सहित 50 कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज करायी है। उनके अनुसार संदेश थाना क्षेत्र के काजीचक खंडोल गांव के क्रांतिवीर पार्टी अध्यक्ष ने धरना-प्रदर्शन के लिए आवेदन दिया था, पर पैक्स चुनाव की आचार संहिता का हवाला देते हुए अनुमति नहीं दी गयी । बावजूद 50 समर्थकों के साथ पारंपरिक हथियार के साथ प्रखंड सह अंचल ऑफिस पर प्रदर्शन किया गया।
बगैर अनुमति कार्यकर्ताओं के साथ किया गया प्रदर्शन
बीडीओ ने दर्ज एफआईआर में बताया है कि बगैर अनुमति के कार्यकर्ताओं के साथ धरना-प्रदर्शन किया गया। इसी दौरान अफसरों सहित सभी कर्मियों को बंधक बना लिया गया। तालाबंदी करने के क्रम में सरकारी कंप्यूटर व सारे कागजात क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी दौरान बीडीओ और सीओ के साथ गालीगलौज के साथ जान मारने का भी प्रयास किया गया। इसके बाद जिले के वरीय अफसरों को सूचना दी गयी। वरीय अधिकारियों के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी गयी है।
दहशत में हैं पत्नी और बच्चे : बीडीओ
संदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी के अनुसार क्रांतिवीर पार्टी के अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक तौर पर दोनों अफसरों (बीडीओ और सीओ) को प्रताड़ित और अपमानित किया। उनके भड़काने पर कार्यकर्ताओं ने उनके आवास में घुसने का प्रयास किया।