नई दिल्ली – बिहार के वाल्मीकिनगर से जनता दल (यू) के सांसद बैद्यनाथ प्रसाद महतो का शुक्रवार की सायं निधन हो गया। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन पर जद (यू) के अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि बैद्यनाथ प्रसाद महतो अपने संसदीय क्षेत्र में बहुत लोकप्रिय थे। सामाजिक कार्यों में उनकी गहरी अभिरुचि थी। उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री पद की जिम्मेदारियों का भी कुशलतापूर्वक निवर्हन किया था।
महतो के परिजनों के अनुसार, वे इन दिनों बीमार थे और दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में एक पखवारे से उनका उपचार चल रहा था।
शुक्रवार की सायं करीब सात बजे महतो ने अंतिम सांस ली।
वे 2009 एवं 2019 में वाल्मीकिनगर से सांसद निर्वाचित किए गए। महतो का जन्म 02 Jun 1947 को पश्चिमी चंपारण के पकड़िया टोला, बहोरापुर में हुआ था।