महाराष्ट्र में राज तृष्णा के अश्लील खेल पर उच्चतम न्यायालय ने विपक्ष का साथ देते हुए देवेंद्र फडणवीस सरकार को बुधवार के शाम पांच बजे तक विधानसभा के सदन में बहुमत सिद्ध करने का समय दिया है। उच्चतम न्यायालय ने शिवसेना-कांग्रेस-एनसीपी की अधिकांश मांगों को स्वीकृति दे दी हैं।
विपक्ष ने शीघ्रातिशीघ्र विश्वास मत कराने की मांग की थी जबकि राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेंद्र फडणवीस को बहुमत सिद्ध करने के लिए 7 दिसंबर तक की समय सीमा प्रदान की थी। ऐसे में उच्चतम न्यायालय ने शाम पांच बजे तक विश्वास मत कराने का समय निर्धारित किया है। इस तरह से देवेंद्र फडणवीस को बहुमत सिद्ध करने के लिए सिर्फ 30 घंटे का ही समय मिला है।
न्यायालय ने प्रोटेम स्पीकर के चुनाव का भी आदेश दे दिया है।
उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान पूरी कार्रवाई सीधा प्रसारण करने का आदेश दिया है जिससे सदन की कार्रवाई सार्वजनिक रूप से देखी जा सकेगी।
विधायक गुप्त मतदान नहीं कर सकेंगे, न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा।
उच्चतम न्यायालय ने यह भी कहा कि विश्वास मत के दौरान विधायकों को बैलेट पेपर के जरिए मतदान करना होगा।
बता दें कि कांग्रेस-एनसीपी-शिवसेना की उच्चतम न्यायालय से यही मांग थी कि विश्वास मत शीघ्रातिशीघ्र कराए जाया और पूरी कार्रवाई का लाइव प्रसारण होना चाहिए। इस पर उच्चतम न्यायालय ने मुहर लगा दी है।
महाराष्ट्र निर्णय पश्चात विभिन्न दलों के वक्तव्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा, हम सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का आदर करते हैं। उन्होंने कहा कि कल के विश्वास मत के लिए हम तैयार हैं। कल हम बहुमत सिद्ध करने के लिए तैयार है और बहुमत सिद्ध करके दिखाएंगे।
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, सत्य परेशान हो सकता है.. पराजित नही हो सकता… जय हिंद!!
27 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा में सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर विश्वास मत कराने के फैसले पर एनसीपी नेता नवाब मलिक ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय का आज का फैसला भारतीय लोकतंत्र में एक मील का पत्थर है। कल शाम 5 बजे से पहले यह स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा का खेल खत्म हो गया है। कुछ दिनों में महाराष्ट्र में शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस की सरकार होगी।
सर्वोच्च न्यायालय के फैसले पर सोनिया गांधी बोलीं, हम ही विश्वास मत जीतेंगे
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चह्वाण ने कहा कि शिवसेना, कांग्रेस, राकांपा उच्चतम न्यायालय के महाराष्ट्र विधानसभा में शक्ति प्रदर्शन के फैसले से संतुष्ट है। संविधान दिवस पर संविधान का सम्मान हुआ। महाराष्ट्र विधानसभा में तीन पार्टियों के बहुमत साबित करने का विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा के दावे की पोल कल खुल जाएगी।