
मुंगेर के नयारामनगर थाना क्षेत्र के जंगली काली स्थान के समीप पशुचारा के विवाद में गुरुवार देर रात बदमाशों ने बाढ़ पीड़ित परिवारों पर हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने गोलीबारी की और धारदार हथियार से हमला किया।
इस व्यक्ति की मौत हो गयी जबकि आठ लोग घायल हो गये। मृतक तौफिर निवासी रामदेव यादव का पुत्र विभास यादव उर्फ वीडियो(20) यादव का था। बदमाशों ने उसकी गर्दन पर गोली मारने के बाद गला रेत कर हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। वहीं घटना से नाराज पीड़ित परिवार के परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर एक नंबर ट्रैफिक स्थित चारों मार्गों की सड़क के आवागमन को कुछ देर के लिए शव को रख कर बंद कर दिया।
घायलों में तौफिर निवासी झकसू यादव, भगवान यादव, भगवान यादव का पुत्र पप्पू यादव, पप्पू यादव का पुत्र गांधी यादव, इनो यादव, इनो यादव का पुत्र अंशु यादव, विनय यादव और विनय यादव का पुत्र बाबू साहब शामिल हैं। जख्मी सभी लोगों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
एसपी गौरव मंगला ने बताया कि पशुचारा को लेकर कुछ दिनों पूर्व विवाद हुआ था। इसके बाद गुरुवार की देर रात बदमाशों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और आठ लोगों को घायल कर दिया। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी और साक्ष्य जुटाने को लेकर पुलिस लगातार मामले की अनुसंधान कर रही है।