
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के आश्रय गृह से सोमवार को चार लड़कियां गायब हो गईं। जिनमें से सभी को बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने गायब हुई इन लड़कियों के बयान दर्ज कर लिए हैं। आश्रय गृह की संचालिका का कहना है कि यह लड़कियां अपने घर जाने के लिए वहां से भागी थीं। जिन्हें बाद में बरामद कर लिया गया।
छत के रास्ते भागी लड़कियां
मोतिहारी के आश्रय गृह से सोमवार की देर रात चार लड़कियां फरार हो गई थीं। यह लड़कियां साड़ी के सहारे छत से नीचे उतरीं और आश्रय गृह से भाग गईं। बताया जा रहा है कि इन लड़कियों का आश्रय गृह में मन नहीं लग रहा था और वह घर जाना चाहती थीं।
स्थानीय लोगों ने दी सूचना
आश्रय गृह से भागने के बाद लड़कियां खेतों की तरफ गईं। जहां स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर तुरंत एक लड़की को बरामद कर लिया गया। इसके बाद बाकी की तीन लड़कियां भी वापस लौट आईं। गृह संचालिका का कहना है कि लड़कियां अपने घर जाने के लिए भागीं थीं।
पुलिस कार्रवाई से पहले लौटीं वापस
जब लड़कियां आश्रय गृह से भागीं तो संचालिका ने आनन-फानन में पुलिस और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस हरकत में आई। हालांकि इससे पहले कि पुलिस कार्रवाई करती सभी लड़कियां वापस लौट गईं। पुलिस ने चारों लड़कियों के बयान दर्ज कर लिए हैं