जयपुर राजस्थान के 21 साल के मयंक प्रताप सिंह देश के सबसे कम उम्र के जज बनेंगे। उन्होंने राजस्थान न्यायिक सेवा (आरजेएस) 2018 की परीक्षा में 197 अंकों के साथ टॉप किया। जयपुर के मयंक ने महज 21 साल 10 महीने 9 दिन की उम्र में यह परीक्षा पास की। यह उनका पहला प्रयास था। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए न्यूनतम उम्र पहले 23 साल थी, जिसे इसी साल घटाकर 21 किया गया।
न्यायिक सेवा की आरजेएस मुख्य परीक्षा 2018 का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया था। टॉप-10 अभ्यर्थियों में पहले और 10वें स्थान को छोड़कर बाकी 8 पर लड़कियों ने कब्जा किया है। मयंक पहले (197 अंक) और दूसरे पर तन्वी माथुर (1875 अंक) रहीं। तन्वी महिला वर्ग में पूरे प्रदेश में अव्वल रही हैं। इंटरव्यू में सम्मिलित हुए 499 अभ्यर्थियों में से 197 सफल घोषित किए गए।
मयंक ने 2014 में राजस्थान विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया था। इसी साल उन्होंने 5 साल का एलएलबी कोर्स पूरा किया। मयंक का कहना है कि सिलेक्शन तो तय था, लेकिन टॉप करूंगा, ये नहीं सोचा था।
मयंक के पिता राजकुमार सिंह और माता डॉ मंजू सिंह अध्यापक हैं।