
बिहार बीजेपी के अध्यक्ष को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर शनिवार को विराम लग गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सांसद डॉक्टर संजय जायसवाल को बिहार प्रदेश भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। जबकि, संजय पुनिया को राजस्थान बीजेपी का प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है।
संजय जायसवाल अभी बेतिया के सांसद हैं। 2009 से लगातार तीसरी बार सांसद चुने गए संजय जायसवाल के पिता मदन मोहन जायसवाल भी बेतिया के सांसद रहे हैं। संजय जायसवाल की पहचान साफ छवि के नेता के तौर पर है। इनका नाम कभी भी किसी विवाद में नही रहा। संजय जायसवाल भाजपा के कोर वोट बैंक माने जाने वाले वैश्य समुदाय से हैं। इनको अध्यक्ष बनाकर भाजपा ने पिछड़ा कार्ड भी खेला है।
बता दें कि जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में दूसरी बार सरकार बनी तो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और बिहार के भाजपा अध्यक्ष भी मोदी मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए। इसके बाद पार्टी ने पिछली मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे जगत प्रकाश नड्डा को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया।
जिन तीन राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष मोदी मंत्रिमंडल में शामिल हुए थे, उनके लिए नए अध्यक्ष की तलाश शुरू हुई। इस प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के लिए भाजपा ने नए अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी, लेकिन बिहार के मामले में ऐसा नहीं हो सका था।