पटना – कांग्रेस जांच कमेटी के अध्यक्ष अविनाश पांडेय ने कहा कि बिहार में राजद से सम्माजनक समझौता नहीं हुआ तो हम सभी 243 सीटों पर लड़ने को तैयार हैं। हमारा जनाधार वापस लौटा है। प्रत्याशियों की सूची भी तैयार है।
इतना तो तय है कि गत चुनाव में जितनी सीटें मिली थीं, उससे अधिक ही सीटों पर बात बनेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने वाले प्रत्याशी को ही पार्टी मैदान में उतारेगी। कार्यकर्ताओं का समर्पण, पार्टी के प्रति निष्ठा ही प्रत्याशी चयन का आधार होगा। जिसने दिन-रात पार्टी के लिए मेहनत की है, उसे हर हाल में प्राथमिकता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बिहार का चुनाव देश में बड़ा संदेश देगा।
मुख्यमंत्री उमीदवार के चेहरे के रूप में तेजस्वी प्रसाद पर सहमति के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि राजद बड़ी पार्टी है। तेजस्वी यादव को गठबंधन में मुख्यमंत्री प्रत्याशी मान सकते हैं क्योंकि कांग्रेस भाजपा विरोध का नेतृत्व देशस्तर पर करती है।
उपेन्द्र कुशवाहा के बारे में पूछने पर उन्होंने इतना ही कहा कि हम चाहते हैं कि भाजपा विरोधी ताकतें एकजुट हों।