पटना – राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में सम्मिलित विकासशील इंसान पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी और वीआईपी के पटना में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में आज इसकी घोषणा की गई।
पटना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि भाजपा अपने हिस्से की 11 सीटें वीआईपी को देगी तथा भविष्य में एक विधान परिषद की सीट इस पार्टी को देगी।
उल्लेखनीय है कि बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में से राजग में सम्मिलित जदयू के हिस्से 122 सीट आई है, जबकि भाजपा के हिस्से 121 सीटें आई हैं।
संवाददाता सम्मेलन में बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि कांग्रेस हो या राष्ट्रीय जनता दल सदैव पिछड़ों, अति पिछड़ों को ठगने का कार्य किया है। उन्होंने वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी का राजग में स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनाने में भी अतिपिछड़ों का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
उन्होंने कहा, आज विपक्षी दलों का महागठबंधन का आकार छोटा होता जा रहा है। इस गठबंधन में सम्मिलित सभी दल एक-एक कर छोड़कर जा रहे हैं।
इधर, वीआईपी के प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की यात्रा जहां से आरम्भ की थी, आज उनकी पुनर्वापसी हुई है। सहनी ने कहा कि राजद और तेजस्वी प्रसाद ने उनके और अति-पिछड़ों के पीठ में छुरा घोंपा है।