कोरोना वायरस का आतंक पूरी विश्व को अपनी चपेट में ले रहा है। ईरान में अब तक कोरोना वायरस से 611 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। ईरान के सरकारी मीडिया के मुताबिक, संक्रमण से एक दिन में ही 97 लोगों की जान चली गई।
मध्य पूर्व में ईरान सबसे अधिक समस्या में है। यहां कोरोनावायरस से कई मंत्री और शीर्ष नेता भी संक्रमित हो चुके हैं। देश में अब तक करीब 12,279 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
डेनमार्क
दूसरी तरफ डेनमार्क ने घोषणा की है कि वह अपने सीमा शनिवार से बंद कर देगा। यह बंदी 13 अप्रैल तक लागू रहेगी। इसके बाद डेनमार्क में आने-जाने वाले यातायात पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। डेनमार्क आने वाले यात्री जब तक प्रवेश के लिए कोई आवश्यक कारण या अपनी नागरिकता सिद्ध नहीं कर देते, तब तक उन्हें सीमा के अंदर प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा।
स्पेन
स्पेन की सरकार शनिवार को यह घोषणा करने जा रही है कि वह कोरोनोवायरस संक्रमण में तेजी से वृद्धि को रोकने के लिए दो सप्ताह के लिए आपातकाल कदम के रूप में रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों को बंद कर रही है। 46 मिलियन की जनसंख्या वाले इस देश में लोगों को घर से अत्यावश्यक परिस्थिति में ही घर से निकलने के आदेश दिए जाने की संभावना है।
अमेरिका
वहीं कोरोना वायरस के चलते अमेरिका में आपात लग गई है। भारत में अमेरिकी दूतावास और वाणिज्य दूतावास ने कोरोना वायरस के मद्देनजर 16 मार्च से वीजा संबंधी प्रक्रियाओं को निरस्त कर दिया है।
भारत
देश में कोरोना वायरस से अब तक दो लोगों की मृत्यु हो चुकी है। कोरोना वायरस के चलते कर्नाटक में एक व्यक्ति की मृत्यु की खबर आयी थी। अब दिल्ली में भी एक 68 वर्षीय महिला ने कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को इसकी पुष्टि की। इसके अतिरिक्त 84 लोग संक्रमित पाए गए हैं।
13 मार्च 2020 तक कोरोना से संक्रमित पाए गए प्रभावित लोगों की संख्या:
- आंध्रप्रदेश में 1
- उत्तर प्रदेश में 11
- कर्नाटक में 5
- केरल में 17
- जम्मू-कश्मीर में 1
- तमिलनाडु में 1
- तेलंगाना में 1
- दिल्ली में 6
- पंजाब में 1
- महाराष्ट्र में 17
- राजस्थान में 3
- लद्दाख में 3,
- हरियाणा में 14
इसमें 58 भारतीय और 17 विदेशी हैं। कोरोना से प्रभावित दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गई है।