नई दिल्ली – इस्लामी देशों के संगठन ओआईसी के भारत में कथित ”इस्लामोफोबिया” के वक्तव्य पर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिमों के लिए भारत स्वर्ग है।
मंगलवार को कहा उन्होंने कहा कि देश में अल्पसंख्यक समुदायों समेत सभी वर्गों के अधिकार सुरक्षित हैं, लेकिन कुछ लोग दुष्प्रचार और नकली खबरों के माध्यम से देश की एकता के विरुद्ध षड़यंत्र कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी वर्गों का विकास हो रहा है और इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं हो रहा है।
नकवी ने संवाददाताओं से कहा, ”एक बात साफ है, धर्मनिरपेक्षता और सद्भाव भारतवासियों के लिए फैशन नहीं, बल्कि जुनून है। यह हमारे देश की शक्ति है। इसी शक्ति ने देश के अल्पसंख्यकों सहित सभी व्यक्तियों के धार्मिक, सामाजिक अधिकार सुरक्षित हैं। ”
मंत्री ने कहा कि भारत मुसलमानों और सभी अल्पसंख्यक समुदायों के लिए स्वर्ग है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तुष्टिकरण के बिना सशक्तिकरण की भावना के साथ सबको विकास में जोड़ा जा रहा है।
स्वयंभू ‘उदारवादी’ पत्रकारों की भर्तसना करते हुए उन्होंने कहा कि इस संकट के समय में भी कुछ लोग दुष्प्रचार और नकली खबरों के माध्यम से देश की इस शक्ति को कमजोर करने के षड़यंत्र में लगे हुए हैं।
दुराग्रह से भरे व अंतर्राष्ट्रीय संगठनों व समाचार पत्रों में भारत विरोधी लेख लिखने वाले एक विशेष राजनीतिक दल के समर्थक पत्रकारों की ओर संकेत करते हुए कहा कि देशवासियों को इनके इस षड़यंत्र को लेकर सजग रहना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि देश का वातावरण खराब कर रहे ये लोग भारतीय मुसलमानों के दोस्त नहीं हो सकते।