राजद के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह अब पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष होंगे। इसका औपचारिक ऐलान 27 नवंबर को होगा। वे रामचंद्र पूर्वे की जगह लेंगे। वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे ने जगदानंद सिंह को बधाई दी है। पार्टी उनके नेतृत्व में 2020 का विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
जगदानंद सिंह रामगढ़ से लंबे समय तक विधायक रहे हैं। बक्सर से एक बार सांसद भी रह चुके हैं। सिंह की छवि एक ईमानदार और कर्मठ नेता के तौर पर होती है। राजद सरकार में वे जल संसाधन मंत्री रहे हैं। लालू परिवार के करीबी होने के साथ क्षेत्र में काम के लिए भी जाने जाते हैं।
अक्सर राजद के अंदर पूर्वे के निर्णय को लेकर तेजस्वी और तेजप्रताप के बीच विवाद की खबरें आती रहती हैं। ऐसे में पार्टी एक ऐसे नेता की तलाश कर रही थी, जिसकी साफ छवि हो और पार्टी के लिए एक अभिभावक के तौर पर काम कर सके। राजद मुखिया लालू प्रसाद यादव के चारा घोटाले में लिप्तता साबित होने के पश्चात चुनावों में पार्टी की स्थिति लगातार गड़बड़ाती जा रही है। ऐसे में लालू ने जगदानंद सिंह पर भरोसा जताते हुए उन्हें पार्टी की कमान सौंपने का निर्णय किया।
जगदानंद सिंह को कमान सौंपना राजद की कुटिल राजनीति का अंग भी माना जा रहा है। सवर्ण आरक्षण बिल का राजद के विरोध करने से एक बड़े वर्ग में पार्टी को लेकर बहुत नाराजगी देखने को मिल रही थी। इसी वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में राजद एक भी सीट नहीं जीत सकी। रघुवंश प्रसाद सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता चुनाव हार गए थे। ऐसे में जगदानंद सिंह को पार्टी की कमान सौंपकर राजद ने बड़ा दांव चला है।