राज्य सरकार ने कोरोना वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए पाटलिपुत्र होटल को क्वारेंटाइन सेन्टर में बदलने का निर्णय लिया है। होटल को क्वारेंटाइन सेन्टर के रुप में तैयार किया जा रहा है। यहां संभावित खतरे से बचाव के लिए संक्रमित देशों से आने वाले संदिग्ध व्यक्ति को रखा जाएगा। पाटलिपुत्र होटल इस समय बंद पड़ा है। इसे पिछले दिनों राज्य सरकार ने अपने अधिकार में ले लिया था। इसे अत्याधुनिक होटल के रुप में विकसिति करने की योजना है। लेकिन अभी यह क्वारेंटाइन सेन्टर के रुप में कार्य करेगा।
सोमवार की सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग ने होटल की साफ-सफाई शुरु कर दी है। इसके कमरों को अस्पातल जैसा रूप दिया जा रहा है। यहां अस्थायी रुप से डॉक्टर और नर्सों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। कोरोना वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए अत्याधुनिक मेडिकल सुविधाएं भी यहां उपलब्ध रहेंगी।
उधर, राज्य सरकार ने कोरोना पीड़ित हर व्यक्ति का सरकार के खर्चे पर उपचार करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री राहत कोष से इस व्यय को वहन किया जाएगा। यदि किसी की मुत्यु होती है तो उसके परिजन चार लाख रुपया अनुदान भी दिया जाएगा।