नई दिल्ली – केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बृहस्पतिवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। रामविलास के पुत्र और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने पिता के निधन की सूचना साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘पापा….अब आप इस संसार में नहीं हैं लेकिन मुझे पता है आप जहां भी हैं सदैव मेरे साथ हैं। मिस यू पापा।’’
लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से यहां के एक चिकित्सालय में भर्ती थे। हाल ही में उनके हृदय की शल्यचिकित्सा हुई थी। फार्टिस एस्कॉर्ट हार्ट इंस्टीट्यूट द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार, पिछले 24 घंटों में पासवान के स्वास्थ्य में गिरावट आयी और बृहस्पतिवार को सायं छह बजकर पांच मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
समाजवादी आंदोलन के स्तंभों में से एक रामविलास बाद के दिनों में बिहार के प्रमुख दलित नेता के रूप में उभरे। बिहार की राजनीति में उनका स्वजातीय दुषाद समुदाय पर विशेष एकाधिकार माना जाता रहा है। उन्होंने शीघ्र ही राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशेष पहचान बना ली। 1990 के दशक में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से जुड़े मंडल आयोग की सिफारिशों का कार्यान्वयन करवाने में रामविलास की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
खगड़िया में 1946 में जन्मे पासवान का चयन पुलिस सेवा में हो गया था लेकिनउन्होंने राजनीति को चुना। पहली बार 1969 में वह संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी की टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए। वह आठ बार लोकसभा के सदस्य चुने गए और कई बार हाजीपुर संसदीय सीट से सर्वाधिक मतों के अंतर से जीतने का कीर्तिमान अपने नाम किया।
पांच दशक लंबे राजनीतिक यात्रा में वह सदैव केन्द्र की सभी सरकारों में सम्मिलित रहे। वह 1989 से अपने अंतिम समय तक जनता दल से लेकर, कांग्रेस और भाजपा नीत राजग जैसी भिन्न और विपरीत विचाराधाओं वाली सरकारों का भाग रहे।वह विश्वनाथ प्रताप सिंह, एच.डी. देवे गौड़ा, इन्द्र कुमार गुजराल, अटल बिहारी वाजपेयी, मनमोहन सिंह और वर्तमान में नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में मंत्री रहे हैं।
शनिवार को होगा अंतिम संस्कार
रामविलास का पार्थिव शरीर शुक्रवार शाम पटना पहुंचेगा। पटना पहुंचने के बाद उनके पार्थिव शरीर को शहीद पीर अली खान मार्ग स्थित लोजपा के कार्यालय में लाया जाएगा। पार्थिव शरीर को शुक्रवार देर रात तक अंतिम दर्शन के लिए पार्टी कार्यालय में रखा जाएगा। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।