नई दिल्ली – भारतीय सेना में सुधारों के लिए गठित शेकातकर समिति की अनुशंसा पर मुहर लगाते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को सैन्य इंजीनियरिंग सेवा (MES) के 9304 पदों को समाप्त कर दिया।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल शेकातकर के नेतृत्व वाली समिति ने सशस्त्र बलों की लड़ाकू क्षमता बढ़ाने और रक्षा व्यय को नियंत्रित करने हेतु यह अनुशंसा की थी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसके आधार पर सेना में सामान्य एवं औद्योगिक क्षेत्र के खाली पड़े 13157 पदों में सैन्य इंजीनियरों के 9304 पदों को समाप्त करने की अनुमति दे दी है।
मंत्रालय ने कहा, इस अनुशंसा का उद्देश्य सैन्य इंजीनियरिंग सेवा को प्रभावी कार्यबल बनाना है, जो वर्तमान परिदृश्य में जटिल विषयों को कुशल और लागत प्रभावी पद्धति से संभाल सके।
समिति ने सैन्य इंजीनियरिंग सेवा के कार्यबल का इस तरह पुनर्गठन करने की अनुशंसा की थी, जिससे इंजीनियरिंग सेवा का आंशिक कार्य विभाग के नियोजित कर्मचारियों द्वारा किया जाए और अन्य कार्य को आउटसोर्स किया जाए।