पटियाला – रविवार प्रातः पंजाब में जारी तालाबंदी और कर्फ्यू के समय पुलिस दल पर आक्रमण हुआ है। आक्रमण में एक एएसआई का हाथ कट गया है और कई अन्य पुलिसकर्मी घायल हैं। घायलों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने हमलावरों को घेर लिया है, साथ ही उनसे आत्मसमर्पण का आग्रह किया जा रहा है। वातावरण तनावपूर्ण है।
सन्नौर सब्जी मंडी में निहंग सिंह खरीददारी के लिए आए थे। नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उनसे कर्फ्यू पास दिखाने के लिए कहा। इस पर पुलिस और निहंग सिखों के बीच तीखी बहस हो गई। इसके बाद निहंगों ने पुलिस पर आक्रमण कर दिया जिसमें एएसआई हरजीत सिंह का हाथ कट गया और पांच साथी पुलिसकर्मी घायल हो गए।
घायल पुलिसकर्मियों को पटियाला के सरकारी राजिंदरा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं हरजीत सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है।
आक्रमण करने के पश्चात आरोपियों ने नाका तोड़कर भाग गए।
विभिन्न मीडिया स्रोत के अनुसार अभी निहंग सिंह एक गुरुद्वारा में छिप हुए हैं तथा पुलिस ने डेरे को घेर रखा है। आरोपियों से आत्मसमर्पण के लिए आह्वान किया जा रहा है। बात मानने के विपरीत डेरे के भीतर से निहंग सिख भी प्रशासन को बुरा-भला सुना रहे हैं।
राज्य के पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने कहा कि आज प्रातः एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में निहंगों के एक समूह ने पटियाला की सब्जी मंडी में कुछ पुलिस अधिकारियों और मंडी बोर्ड के एक अधिकारी को घायल कर दिया। एएसआई हरजीत सिंह, जिनका हाथ कटा है वे पीजीआई चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। मैंने पीजीआई के निदेशक से बात की है, जिन्होंने शल्यचिकित्सा हेतु पीजीआई के शीर्ष प्लास्टिक शल्यचिकित्सक की नियुक्ति की है। शल्यचिकित्सा शीघ्र आरम्न्भ हो जाएगी। निहंगों को गिरफ्तार करने की प्रक्रिया चल रही है।
अद्यतन: 11:50 AM
पुलिस महानिरीक्षक पटियाला जोन, जतिंदर सिंह औलख और के बी एस सिद्धू, विशेष मुख्य सेक्रेटरी, पंजाब के पर्यवेक्षण में किये गए ऑपरेशन में आरोपी निहंगों को बलबेरा गांव के गुरुद्वारा से गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें से एक पुलिस गोलीबारी में घायल हो गया था और उसे चिकित्सालय ले जाया गया था।