मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शीघ्र पूरा देश जल- जीवन- हरियाली अभियान का अनुकरण करेगा। सभी लोग 19 जनवरी को बनने वाली मानव श्रृंखला में सम्मिलित हों। जब हम पर्यावरण संरक्षण के लिए मानव श्रृंखला का विश्व रिकॉर्ड बनाएंगे, तब दूसरे देश भी हमारी नकल करेंगे। मुख्यमंत्री, बुधवार को जल-जीवन-हरियाली यात्रा के दूसरे दिन पूर्वी चंपारण के महंथ शिवशंकर गिरि महाविद्यालय स्टेडियम में आयोजित जागरूकता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 1042 करोड़ रुपये की 96 योजनाओं का उद्घाटन और 493 योजनाओं का शिलान्यास किया ।
नीतीश कुमार ने कहा-हमने बिहार में कानून का राज कायम किया। लोग याद करें कि पहले चम्पारण की क्या स्थिति हुआ करती थी? मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से हमें बिहार में कार्य करने का मौका मिला है, तब से हमने न्याय के साथ विकास के अभियान पर ध्यान केंद्रित करते हुए सर्व समुदाय के उत्थान के लिए कार्य किया है। बिहार के हर क्षेत्र का न सिर्फ विकास हुआ है बल्कि प्रति व्यक्ति आय से लेकर राज्य का बजट तक बढ़ा है। बिहार के हर गांव और उसके टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम के अनुकूल फसल चक्र में परिवर्तन लाने के लिए प्रयोग के तौर पर 8 जिलों में कार्य आरम्न्भ हुआ है। इसे बाद में पूरे बिहार में लागू किया जाएगा। मौसम के अनुकूल खेती से किसानों की आय बढ़ेगी।