लोकसभा में बुधवार को चंद्रयान-2 के मिशन पर भी चर्चा हुई। तृणमूल सांसद सौगत रॉय ने कहा कि विक्रम (लैंडर) की चंद्रमा पर क्रैश लैंडिंग ने भारत का नाम दुनियाभर में खराब किया। इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि इसरो के चंद्रयान-2 मिशन को पूरी दुनिया ने सराहा।
लोकसभा में अनुदान सहायता के मुद्दे पर चर्चा चल रही थी। इस पर रॉय ने अंतरिक्ष विभाग को अतिरिक्त फंड दिए जाने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जो चंद्रयान-2 मिशन की नाकामी के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें और पैसा उपलब्ध न कराया जाए।
सीतारमण ने कहा, ‘ ‘ आपको समझना चाहिए कि किसी भी प्रयोग में कितनी मेहनत लगती है। आप इसे नाकामी कैसे कह सकते हैं। इसरो के चंद्रयान-2 पूरी दुनिया में प्रशंसा मिल रही है। वहीं, हमारे एक सांसद इसरो की क्षमताओं और उन्हें दिए जाने वाले फंड पर प्रश्न उठा रहे हैं। इसे सही नहीं कहा जा सकता।, ,
जिस समय सदन में रॉय बोल रहे थे, तब आसंदी पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी थीं। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने मिशन में ऐतिहासिक सफलता प्राप्त की। माननीय सदस्य (सौगत रॉय) को इस बारे में जानकारी होनी चाहिए। शीतकालीन सत्र के समय ही केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा था कि लैंडर ने चांद से 500 मीटर की ऊंचाई से हार्ड लैंडिंग की थी।